मसूरी में शादी के बंधन में बंधेंगे कुलदीप यादव, मेहंदी समारोह में युजवेंद्र चहल का डांस वीडियो वायरल

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी मंगेतर और बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों शनिवार, 14 मार्च को मसूरी में सात फेरे लेंगे। शादी से पहले शुक्रवार (13 मार्च) को मेहंदी और हल्दी की रस्में धूमधाम से संपन्न हुईं।

मेहंदी समारोह में कुलदीप के करीबी दोस्त और टीम इंडिया के स्पिनर युजवेंद्र चहल भी शामिल हुए। इस दौरान चहल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह जमकर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं।

मेहंदी समारोह में दिखी ‘कुल-चा’ की मस्ती
क्रिकेट के मैदान पर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी को फैंस ‘कुल-चा’ के नाम से जानते हैं। दोनों लंबे समय तक टीम इंडिया के लिए साथ खेलते हुए नजर आए हैं।
अब कुलदीप की शादी के समारोह में भी दोनों की वही मस्ती देखने को मिली। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुलदीप और चहल मेहंदी फंक्शन के दौरान साथ में डांस करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही कुलदीप अपनी मंगेतर वंशिका के साथ मेहंदी समारोह में एंट्री करते हैं, ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत होता है। इसके बाद कुलदीप और चहल दोनों डांस करते हुए माहौल को और भी खुशगवार बना देते हैं।

चहल ने लगाई हल्दी, इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
मेहंदी के बाद हल्दी समारोह में भी चहल ने खूब मस्ती की। उन्होंने कुलदीप और वंशिका को हल्दी लगाई और इस दौरान हंसी-मजाक करते नजर आए।
चहल ने इसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मेरे यार की शादी है।”

मसूरी के होटल में होगा प्राइवेट वेडिंग समारोह
14 मार्च को कुलदीप और वंशिका मसूरी के होटल द वेलकम सवाय में शादी के बंधन में बंधेंगे। बताया जा रहा है कि शादी समारोह को पूरी तरह प्राइवेट रखा गया है। दो दिनों तक होटल में बाहरी लोगों और पर्यटकों की एंट्री बंद रहेगी।

शादी के लिए पूरा होटल बुक कर लिया गया है और सुरक्षा के भी खास इंतजाम किए गए हैं। शादी में शामिल होने के लिए मेहमानों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह भी अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ इस समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं।

बचपन की दोस्ती अब रिश्ते में बदलेगी
कुलदीप और वंशिका एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों की सगाई जून 2025 में हुई थी। पहले उनकी शादी नवंबर 2025 में तय की गई थी, लेकिन उस समय टीम इंडिया के मैच और टी20 वर्ल्ड कप की व्यस्तता के कारण शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई थी।

अब दोनों मसूरी में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।

  • Related Posts

    राज्यस्तरीय रग्बी प्रतियोगिता के लिए भागलपुर की टीम नवादा रवाना, खिलाड़ियों में उत्सा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    ट्रांसजेंडर्स, सेक्स वर्कर्स और समलैंगिक पुरुषों के रक्तदान पर रोक क्यों? केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दिया जवाब

    Share Add as a preferred…

    Continue reading