
Khesari Lal Yadav ने बिहार में लगातार हो रहे एनकाउंटर और अपराधियों की जाति को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पटना पहुंचे भोजपुरी सिंगर और अभिनेता ने कहा कि वह एक कलाकार हैं और राजनीति से ज्यादा समाज और संगीत की बात करना पसंद करते हैं।
दरअसल, बिहार में इन दिनों अपराधियों की जाति को लेकर सियासत तेज है। लगातार हो रहे एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए Tejashwi Yadav ने कहा था कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं। इसी मुद्दे पर जब खेसारी लाल यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “मैं कलाकार हूं, आप मुझसे संगीत और कला के बारे में पूछेंगे तो बेहतर जवाब दूंगा। अपराध और राजनीति सरकार का विषय है। मेरी नजर में अपराधी की कोई जाति नहीं होती।”
खेसारी लाल यादव ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं, जिससे आम लोगों का बजट बिगड़ रहा है। उनका कहना था कि मौजूदा समय में फिल्म रिलीज करना भी चुनौती बन गया है, क्योंकि लोग सबसे पहले अपने परिवार और भविष्य के लिए बचत करना चाहते हैं।
भोजपुरी अभिनेता ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। महंगाई का सीधा असर उन्हीं पर पड़ता है और जिनके पास सीमित संसाधन हैं, उन्हें सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बिहार और भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकारों, उद्योगपतियों और सक्षम लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील भी की। खेसारी ने कहा कि यदि समाज के सक्षम लोग मिलकर आर्थिक सहयोग करें, तो गरीब परिवारों को काफी राहत मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि समाज और देश के हित में हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों तक मदद पहुंच सके और आम लोगों की परेशानियां कम हो सकें।


