खगड़िया। जिले के बरखंडी टोला गांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मुंगेर जिले के जगदंबापुर फरदा गांव निवासी हागो यादव की पुत्री डीसी कुमारी के रूप में हुई है।
शादी के एक साल बाद दहेज विवाद में हत्या
जानकारी के अनुसार, डीसी कुमारी की शादी लगभग एक साल पहले खगड़िया जिले के विभीषण यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि हाल ही में साले की शादी में सोने की चेन की मांग की गई थी, लेकिन लड़की के पिता ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर कुछ समय बाद पूरी करने की बात कही।
मृतका के पिता का आरोप
मृतका के पिता हागो यादव ने कहा –
“मेरी बेटी को दहेज के लिए पति विभीषण यादव और ससुरालवालों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। हमने उनसे कहा था कि कुछ महीनों में व्यवस्था कर देंगे, लेकिन वे लोग नहीं माने और मेरी बेटी को मारकर फांसी के फंदे से लटका दिया।”
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा। वहां से डॉक्टरों ने शव को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एक बच्ची हुई अनाथ
बताया जा रहा है कि मृतका की एक छोटी बच्ची भी है, जो अब मां की मौत के बाद अनाथ हो गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।


