
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील, नीट छात्रा हत्याकांड और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी समेत कई मुद्दों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी का मामला कानूनी है, इसलिए वह ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन नीट छात्रा हत्याकांड में पप्पू यादव काफी मुखर थे।
‘नीट छात्रा हत्याकांड में वोकल थे पप्पू यादव’
जीतनराम मांझी ने कहा कि पप्पू यादव नीट छात्रा हत्या मामले को उठा रहे थे और वह खुद भी इस नृशंस घटना की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि सीधे तौर पर उसी मामले में नहीं, बल्कि किसी पुराने केस में उनकी गिरफ्तारी हुई है।
गृह मंत्री से बातचीत का दावा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छात्रा के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है। राज्य सरकार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी से उनकी बात हुई है और सभी एजेंसियां जांच में लगी हैं। एसआईटी और सीआईडी जांच कर चुकी हैं, जबकि अब मामला सीबीआई को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि साक्ष्य पूरे होते ही दोषी बच नहीं पाएंगे।
ट्रेड डील पर प्रधानमंत्री को दी बधाई
बोधगया में केंद्रीय बजट 2026-27 पर अपने विभाग एमएसएमई की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मांझी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री के रुख पर गर्व कर रहा है और वह किसी दबाव में काम नहीं करते, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों को ही अपना परिवार मानते हैं।
एमएसएमई बजट में बढ़ोतरी
मांझी ने बताया कि पिछले आम बजट की तुलना में इस बार एमएसएमई बजट में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उनके अनुसार कृषि के बाद एमएसएमई सेक्टर रोजगार सृजन में सबसे प्रभावी साबित हो रहा है और इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में यह बजट अहम कदम है।
बिहार में टेक्नोलॉजी सेंटर का विस्तार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले बिहार में टेक्नोलॉजी सेंटर की कमी थी, लेकिन अब बिहटा में नया सेंटर शुरू हो चुका है और गया के खिजरसराय में दूसरा सेंटर निर्माणाधीन है। उनके मुताबिक पहले जहां बिहार में सिर्फ एक सेंटर था, अब संख्या बढ़कर सात हो गई है और गयाजी-बोधगया क्षेत्र में विकास कार्य तेज हुए हैं।
वैभव सूर्यवंशी को सम्मान देने की मांग
मांझी ने बिहार के उभरते खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बिहार सरकार से अपील की कि ऐसे होनहार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और सम्मान दिया जाना चाहिए ताकि वे आगे और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।


