मिशन 2024 को लेकर विपक्ष का जल्द एकजुट होना जरूरी; देश में कभी भी हो सकता है आम चुनाव: नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि देश में कभी भी आम चुनाव हो सकता है। लिहाजा, विपक्ष का जल्द एकजुट होना जरूरी है। मुख्यमंत्री मंगलवार को नालंदा में प्राचीन नालंदा महाविहार के पास नालंदा खुला विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि समय पर ही चुनाव हो, केंद्र में जो बैठे हैं, वह कभी भी चुनाव करा सकते हैं। हम तो सात-आठ महीने पहले से कह रहे हैं कि चुनाव कभी भी हो सकता है, इसीलिए सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट हो जाना चाहिए। हम उसी काम में लगे हुए हैं। मेरी व्यक्तिगत कोई इच्छा नहीं है। हम सबको एकजुट करना चाहते हैं।

मुंबई में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, हमारा काम अधिक से अधिक पार्टियों को एकजुट करना है। व्यक्तिगत रूप से मुझे किसी पद या किसी और चीज की इच्छा नहीं है। हम तो कल भी इस बात को दोहरा चुके हैं। इंडिया गठबंधन में कुछ और पार्टियों के शामिल होने के सवाल पर कहा कि अभी इस पर बोलना ठीक नहीं होगा। देखते रहिए, जब बैठक में लोग आएंगे तो पता चल जाएगा।

जाति आधारित गणना के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को गणना कराने का अधिकार है। केंद्र सरकार द्वारा जनगणना के दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति और अल्पसंख्यकों की गणना का प्रावधान है। लेकिन हमलोग केन्द्र से बराबर कह रहे थे कि अन्य सभी जाति-धर्म के लोगों की भी गणना करवा लीजिए। यह काम अब तक हो जाना चाहिए था, लेकिन कहां हुआ? ऐसे में हम अपने स्तर से गणना का काम करवा रहे हैं।

सभी जाति-धर्म के लोगों की गिनती के साथ ही हम उनकी आर्थिक स्थिति की भी जानकारी जुटा रहे हैं। आर्थिक स्थिति की जानकारी के आधार पर सबके विकास की कार्ययोजना बनायी जाएगी। यह सारा काम राज्य और राज्य के लोगों के हित में है। इसके विरोध का कोई मतलब नहीं है। हमलोग अच्छा काम कर रहे हैं इसीलिए बहुत लोगों को ऐतराज होता है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री 31 अगस्त को विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने मुंबई जाएंगे।

यह जरूरी नहीं है कि समय पर ही चुनाव हो, केंद्र में जो बैठे हैं, वह कभी भी चुनाव करा सकते हैं। इसीलिए सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट हो जाना चाहिए। हम उसी काम में लगे हुए हैं।

-नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

  • ये भी पढ़े..

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिजनों से की मुलाकात, न्याय का दिलाया भरोसा

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *