खगड़िया।खगड़िया–पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग 31 को फोरलेन में अपग्रेड करने की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने के कगार पर दिख रही है। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण परियोजना को फिर से प्रमुखता से उठाया।
सांसद वर्मा ने मंत्री गडकरी को बताया कि NH-31 पूर्वी बिहार ही नहीं, पूरे पूर्वी भारत की अर्थव्यवस्था की धुरी है, लेकिन सड़क के संकीर्ण होने और लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण यह मार्ग जाम, दुर्घटनाओं और परिवहन विलंब का बड़ा कारण बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस हाईवे की हालत वर्षों से लोगों के लिए परेशानी और जोखिम का कारण बनी हुई है।
मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद की बातों को गंभीरता से लेते हुए फोरलेन परियोजना पर सकारात्मक संकेत दिया। गडकरी ने भरोसा दिलाया कि खगड़िया–पूर्णिया फोरलेन प्रोजेक्ट को आगामी कैबिनेट बैठक में स्वीकृति के लिए लाया जाएगा और मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों और व्यावसायिक क्षेत्रों में इस खबर से उम्मीद बढ़ गई है कि लंबे समय से लंबित यह परियोजना अब जल्द जमीन पर उतर सकती है।


