बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार एक नया और प्रेरक चेहरा सामने आया है। क्रिकेट जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब चुनावी अभियान में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। चुनाव आयोग ने उन्हें ‘फ्यूचर वोटर आइकॉन’ के रूप में नियुक्त किया है, ताकि वे खासकर युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक कर सकें।
क्रिकेट के मैदान से लोकतंत्र के मैदान तक
बिहार मूल के वैभव सूर्यवंशी ने साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल डेब्यू करते हुए इतिहास रचा था।
उन्होंने आईपीएल का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा और इसके बाद अंडर-19 टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरे में भी शानदार प्रदर्शन किया। हाल ही में उन्हें बिहार रणजी टीम का उपकप्तान बनाया गया है। अब वे खेल के मैदान से बाहर आकर लोकतंत्र के मैदान में युवाओं को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
चुनाव आयोग का कैंपेन वीडियो जारी
चुनाव आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने बिहार के लोगों से मतदान करने की अपील की है।
वीडियो में वैभव कहते हैं –
“आप सभी को प्रणाम करता हूं। मैं जब भी मैदान पर उतरता हूं तो मेरा काम है अच्छा खेलना और अपनी टीम को जिताना।
वैसे ही लोकतंत्र के मैदान में आपका महत्वपूर्ण काम है — वोट करना।
इसलिए आप जागरूक नागरिक बनिए और विधानसभा चुनाव में मतदान कीजिए।”
दो चरणों में होगा मतदान
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे — पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। हर बार की तरह इस बार भी चुनाव आयोग ने किसी लोकप्रिय युवा हस्ती को ब्रांड आइकॉन बनाया है, ताकि युवा वर्ग लोकतंत्र की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले सके।
युवाओं को जागरूक करने का अभियान
चुनाव आयोग की यह पहल युवाओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई है। वैभव सूर्यवंशी के जुड़ने से आयोग को उम्मीद है कि पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में उत्साह और भागीदारी बढ़ेगी।


