नालंदा — सोशल मीडिया के जाल में फंसी एक विवाहिता ने चार महीने पुराने वैवाहिक रिश्ते को तोड़कर प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने की ठान ली। मामला कतरीसराय थाना क्षेत्र के छाछुबिगहा गांव का है, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया है।
चार महीने की शादी, छह महीने की दोस्ती
कैलू राम की बेटी निशा कुमारी की शादी महज़ चार माह पहले राजगीर के विस्थापित नगर निवासी सोनू कुमार से हुई थी। लेकिन शादी से भी पहले, पिछले छह महीनों से वह जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के मंजोश गांव के रितिक कुमार (पुत्र—ओमप्रकाश सिंह उर्फ मिंटू सिंह) से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर चुकी थी। चैट और कॉल्स का सिलसिला नज़दीकियों में बदल गया, और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं।
मायके आई और फिर… गायब!
कुछ दिन पहले निशा ससुराल से मायके आई, लेकिन दो दिन बाद ही प्रेमी के बुलावे पर घर से गायब हो गई। परिजनों की खोजबीन बेकार रही, तो मां सविता देवी ने स्थानीय थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की टेक्निकल टीम हुई एक्टिव
कतरीसराय थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी के मुताबिक, मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग से पता चला कि विवाहिता रितिक कुमार के साथ है। अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार और महिला सिपाही संचिता कुमारी ने सिकंदरा थाना पुलिस के सहयोग से मात्र दो दिनों में युवती को युवक के घर से बरामद कर लिया।
प्रेमी फरार, पुलिस तलाश में
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। विवाहिता को कागजी कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


