टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर न्यू चंडीगढ़ में खेला गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम इंडिया के लिए भारी साबित हुआ। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 213 रन बनाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 162 रन ही बना सकी और मुकाबला 51 रनों से हार गई। इसी हार के साथ सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है।
भारतीय गेंदबाज पूरी तरह फ्लॉप
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 90 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल थे। कप्तान एडेन मार्करम ने 29 रन, जबकि डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों में 30* रन की तेज पारी खेली। डेविड मिलर ने भी 12 गेंदों में नाबाद 20 रन जोड़कर टीम को 213 के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या बुरी तरह महंगे साबित हुए। वरुण चक्रवर्ती ने संघर्ष करते हुए 2 विकेट जरूर चटकाए, लेकिन बाकी गेंदबाज अपनी लाइन-लेंथ से भटके नजर आए।
भारतीय बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। उपकप्तान शुभमन गिल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव केवल 5 रन ही बना सके।
अभिषेक शर्मा ने 8 गेंदों में 17 रन बनाए, वहीं अक्षर पटेल 21 गेंदों में 21 रन ही जोड़ सके। अनुभवी हार्दिक पांड्या भी 23 गेंदों में सिर्फ 20 रन बना पाए।
टीम के बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के बीच तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली और एक छोर संभाले रखा। जितेश शर्मा ने 17 गेंदों में 27 रन जोड़े, लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। पूरी भारतीय टीम 19.1 ओवर में 162 रन पर सिमट गई।


