टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत बैक टू बैक टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है।
तिलक वर्मा को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने किया सम्मानित
टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को इस ऐतिहासिक जीत में योगदान के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सम्मानित किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने तिलक वर्मा को मेडल पहनाया और उनका स्वागत किया। मौके पर पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन और कई अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी मौजूद थे।
तिलक वर्मा का वर्ल्ड कप प्रदर्शन
तिलक वर्मा ने टूर्नामेंट में भले ही बड़ी पारियां नहीं खेली हों, लेकिन उन्होंने टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने 9 मैचों में 154.47 की स्ट्राइक रेट के साथ 207 रन बनाए। खासतौर पर जिम्बाब्वे के खिलाफ 44 रनों की नाबाद पारी उनके प्रदर्शन की अहमियत को दर्शाती है। फाइनल में तिलक ने नाबाद 8 रन बनाए।
अपने करियर की बात करें तो 23 साल के तिलक वर्मा ने अब तक 49 टी-20 मैचों में 44.83 की औसत के साथ 1390 रन और 5 वनडे मैचों में 68 रन बनाए हैं। अब वे आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलने के लिए तैयार हैं।


