
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबले का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज, रविवार 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान की टीमें कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने हैं।
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले कई तरह के विवाद भी सामने आए। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पाकिस्तान की ओर से बांग्लादेश के समर्थन में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में यू-टर्न लेते हुए टीम खेलने के लिए तैयार हो गई।
शानदार फॉर्म में दोनों टीमें
अब जब दोनों टीमें मैदान में उतर चुकी हैं, तो मुकाबला कागजों पर ही नहीं बल्कि मैदान पर भी बराबरी का नजर आ रहा है। भारत और पाकिस्तान दोनों ने टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दो-दो मैच जीतकर दमदार शुरुआत की है।
ऐसे में यह मुकाबला सुपर-8 में जगह पक्की करने के लिहाज से बेहद अहम है। दोनों ही टीमें जीत के इरादे से मैदान में उतरी हैं, जिससे फैंस को एक रोमांचक और दिलचस्प मुकाबला देखने की पूरी उम्मीद है।


