टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर चल रहा विवाद अब समाप्त हो गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ हालिया बैठक के बाद आधिकारिक ऐलान किया गया कि दोनों टीमें 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में आमने-सामने होंगी। कुछ दिन पहले पाकिस्तान सरकार की ओर से मैच के बहिष्कार की चर्चा के बाद विवाद खड़ा हो गया था, लेकिन अब स्थिति साफ हो गई है।
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने जताई खुशी
मैच को हरी झंडी मिलने के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह ICC, PCB और BCB तीनों की जीत है।
राजीव शुक्ला के अनुसार ICC ने पहल करते हुए सभी पक्षों से बातचीत की और क्रिकेट को प्राथमिकता दी, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से वर्ल्ड कप के सफल आयोजन का रास्ता साफ हुआ है और सभी बोर्डों की भावनाओं का सम्मान किया गया है।
PCB चीफ मोहसिन नकवी का बयान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने भी बयान जारी करते हुए कहा कि बांग्लादेश से जुड़े मुद्दों के कारण यह विवाद शुरू हुआ था। उनके मुताबिक बांग्लादेश की चिंताओं का समाधान कर दिया गया है, जिसके बाद आगे की सहमति बनी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया और बातचीत के जरिए समाधान निकाला गया।
टूर्नामेंट को मिला बड़ा बढ़ावा
भारत-पाकिस्तान मुकाबला विश्व क्रिकेट के सबसे चर्चित मैचों में गिना जाता है। विवाद खत्म होने के बाद अब प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया है और माना जा रहा है कि यह मैच टूर्नामेंट की सबसे बड़ी आकर्षण का केंद्र रहेगा। ICC के हस्तक्षेप के बाद निकला यह समाधान वर्ल्ड कप आयोजन के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।


