तिरुवनंतपुरम: टीम इंडिया और श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम के बीच ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला खेला गया। इस मैच में श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 160 रन ही बना सकी और मुकाबला 15 रन से हार गई।
कप्तान हरमनप्रीत कौर की दमदार पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय महिला टीम की शुरुआत खराब रही। स्मृति मंधाना को इस मुकाबले में आराम दिया गया था। शेफाली वर्मा, हरलीन देओल और जी कमलिनी सस्ते में आउट हो गईं। ऐसे समय में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और 43 गेंदों पर 68 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 1 छक्का शामिल था।
ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा भी बड़ी पारी नहीं खेल सकीं, लेकिन अमनजोत कौर ने अहम 21 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में अरुंधति रेड्डी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 11 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। इन योगदानों के दम पर भारत 175 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंच सका।
श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अटापट्टू, कविशा दिलहारी और रश्मिका सेवंदी ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका फिर फेल
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज हसिनी परेरा ने 42 गेंदों पर 65 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल था। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरी इमेशा दुलानी ने भी 39 गेंदों पर 50 रन बनाए।
हालांकि कप्तान चमारी अटापट्टू सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गईं और इनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नतीजतन श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी।
भारत का सीरीज में क्लीन स्वीप
भारतीय टीम की गेंदबाजी सामूहिक रूप से शानदार रही। सभी गेंदबाजों ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टी20 सीरीज में 5-0 से श्रीलंका का सूपड़ा साफ कर दिया।


