वर्ल्ड कप में गेंदबाजों के दम पर भारत ने रचा इतिहास, वर्ल्ड कप में ऐसा कारनामा करने वाली दूसरी टीम बनी इंडिया

भारतीय टीम ने धमाकेदार अंदाज में श्रीलंका को 302 रनों से हरा दिया। भारत के लिए गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई टीम टिक नहीं पाई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम को जीतने के लिए 358 रनों का टारगेट दिया, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 55 रनों पर ऑल आउट हो गई।  302 रनों से जीत दर्ज करते ही भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है। वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में ये दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इसके अलावा भारत की वनडे वर्ल्ड कप 2023 में ये लगातार सातवीं जीत है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

बिखरी श्रीलंका की बल्लेबाजी 

श्रीलंका की तरफ से कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंका की पूरी बल्लेबाजी ध्वस्त हो गई।  जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर की पहली गेंद पर ही श्रीलंकाई बल्लेबाज पथुम निशंका को आउट कर दिया। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने कहर बरपा दिया। उनके आगे श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक नहीं पाए। सिराज ने श्रीलंकाई पारी का दूसरा ओवर किया और 2 विकेट हासिल किए। श्रीलंका की तरफ से ऐसा वर्ल्ड कप में दूसरी बार हुआ कि दोनों ओपनर्स खाता तक नहीं खोल पाए।

मोहम्मद शमी ने झटके पांच विकेट 

श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 14 रन कसुन रंजीता ने बनाए। वहीं पांच खिलाड़ी ऐसे रहे, जो अपना खाता तक नहीं खोल पाए। इनमें पथुम निशंका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा,  दुसन हेमंथा और दुष्मंथा चमीरा शामिल हैं। भारतीय गेंदबाजों के आगे श्रीलंकाई खिलाड़ी की एक भी नहीं चली। श्रीलंकाई टीम का हर दांव भारतीय गेंदबाजों के आगे फेल हो गया। मोहम्मद शमी ने पांच विकेट, मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट चटकाया।

तीन खिलाड़ियों ने लगाए अर्धशतक 

इस मैच में श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने फैसला किया, जो गलत साबित हुआ। भारतीय बल्लेबाजों ने इस मैच में कमाल की बैटिंग की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बहुत खराब रही। जब कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने भारतीय पारी को संभाल लिया। इन प्लेयर्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। लेकिन ये दोनों खिलाड़ी अपना शतक पूरा नहीं कर पाए। गिल ने 92 रन और कोहली ने 88 रन बनाए। इन दोनों प्लेयर्स के आउट होने के बाद रन बनाने की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर ने संभाल ली। उन्होंने मैदान में आते ही ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 56 गेंदों में 82 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और 6 छक्के शामिल थे। रवींद्र जडेजा ने 35 रन और केएल राहुल ने 21 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम इंडिया बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।

श्रीलंका की तरफ से दिलशान मदुशंका ने जरूर 5 विकेट हासिल किए। लेकिन वह बहुत ही मंहगे साबित हुए। उन्होंने 10 ओवर में 80 रन लुटा दिए। उनके अलावा दुष्मंथा चमीरा ने 1 विकेट हासिल किया। इन दोनों गेंदबाजों के अलावा कोई भी श्रीलंकाई खिलाड़ी विकेट लेने में कामयाब नहीं हो पाया।

वनडे वर्ल्ड कप में दूसरी सबसे बड़ी जीत 

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 302 रनों से जीत दर्ज की। वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में ये दूसरी सबसे बड़ी जीत है। वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। ऑस्ट्रेलिया ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 309 रनों से जीत दर्ज की थी। टीम इंडिया दूसरी ऐसी टीम है, जिसने वनडे वर्ल्ड कप में 300 से ज्यादा रनों से जीत दर्ज की है।

  • Related Posts

    पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, आचार संहिता लागू

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *