IND vs PAK मैच से PCB को मिली बड़ी राहत, 1500 करोड़ के नुकसान से बचा पाकिस्तान

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला आखिरकार तय हो गया है। पहले पाकिस्तान सरकार ने इस मैच में खेलने से इनकार कर दिया था, लेकिन ICC के साथ हुई अहम बैठक के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई। यदि पाकिस्तान टीम मैच का बहिष्कार करती, तो ICC उससे भारी जुर्माना वसूलता। अब मैच खेलने की सहमति देकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने करीब 1500 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित नुकसान से खुद को बचा लिया है।


मैच नहीं होता तो ICC को होता भारी नुकसान

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, भारत-पाकिस्तान मुकाबला रद्द होने की स्थिति में ICC को लगभग 174 मिलियन डॉलर यानी करीब 1,575 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ता। यह नुकसान ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, स्पॉन्सरशिप और टिकट बिक्री से जुड़ा होता।

पहले यह खबर सामने आई थी कि अगर पाकिस्तान टीम मैच खेलने से मना करती है, तो ICC इस नुकसान की भरपाई PCB से करती। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए इतनी बड़ी रकम चुकाना लगभग असंभव होता।


ICC, PCB और BCB के बीच हुई अहम बैठक

इस विवाद को सुलझाने के लिए लाहौर में ICC, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच लंबी बैठक हुई। ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा ने PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी से चर्चा की। बैठक के बाद यह तय हुआ कि पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ मैच खेलेगी।

सूत्रों के मुताबिक, इस समझौते के तहत बांग्लादेश को आने वाले वर्षों में एक ICC टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर भी दिया जाएगा, जिससे पूरे मामले का समाधान संभव हो सका।


15 फरवरी को होगा महामुकाबला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच का सीधा प्रसारण शाम 7 बजे से होगा।

दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला जीत चुकी हैं और शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में इस हाई-वोल्टेज मैच में कड़ी टक्कर देखने को मिलने की पूरी उम्मीद है। क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इस मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।


 

  • Related Posts