बिहार के वैशाली जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिड़िया बाजार में एक नवविवाहिता सरिता प्रकाश की दहेज के नाम पर कथित तौर पर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के पिता जयप्रकाश महतो ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से हुआ। फुटेज में आधी रात के बाद एक ब्लैक स्कॉर्पियो दिखाई देती है, जिसमें सवार कुछ लोग शव को मायके के दरवाजे के सामने फेंककर फरार हो जाते हैं। सुबह जब परिजनों की नजर शव पर पड़ी, तो घर में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
शादी के बाद बढ़ती गई दहेज की मांग
मृतका सरिता प्रकाश की शादी करीब नौ महीने पहले अप्रैल 2025 में वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र के करताहां बुजुर्ग गांव निवासी सत्येंद्र कुमार से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पिता जयप्रकाश महतो का आरोप है कि शादी में सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया गया था। इसके अलावा जमीन रजिस्ट्री के नाम पर आठ लाख रुपये भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद दामाद द्वारा तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।
आखिरी बातचीत और रजिस्ट्री का बहाना
जयप्रकाश महतो के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे सरिता से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी। बेटी ने बताया था कि 16 लाख रुपये जमा हो चुके हैं और शुक्रवार को जमीन की रजिस्ट्री होनी है। परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर प्रताड़ना बढ़ी और अंततः उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि दामाद का किसी अन्य महिला से संबंध था, जिससे विवाद और गहरा गया।
“शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। जमीन रजिस्ट्री के नाम पर आठ लाख रुपये दिए गए, फिर भी तीन लाख रुपये की मांग हो रही थी। बेटी की गला दबाकर हत्या की गई और सबूत मिटाने के इरादे से शव को स्कॉर्पियो से लाकर घर के सामने फेंक दिया गया।”
— जयप्रकाश महतो, मृतका के पिता
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्कॉर्पियो बरामद
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत का कारण गला दबाना बताया गया है। जांच के क्रम में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घटना में प्रयुक्त ब्लैक स्कॉर्पियो को लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव से बरामद किया। फॉरेंसिक टीम ने वाहन की गहन जांच की है।
दारोगा से जुड़ा होने का दावा, विभाग में हड़कंप
बरामद स्कॉर्पियो मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर ओपी में तैनात एसआई संतोष रजक की बताई जा रही है। वाहन उनके ससुर और पूर्व मुखिया प्रमोद बैठा के घर से बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने एसआई के ससुर से पूछताछ की है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
आरोपियों की तलाश जारी
सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में मामले की जांच तेज कर दी गई है। ससुराल पक्ष के लोग घर पर ताला लगाकर फरार बताए जा रहे हैं और उनके मोबाइल फोन बंद हैं। पति सत्येंद्र कुमार समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
“हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को गुप्त सूचना पर बरामद किया गया है। लालगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव स्थित पूर्व मुखिया प्रमोद बैठा के घर से वाहन मिला है। फॉरेंसिक टीम ने वाहन की बारीकी से जांच की है।”
— गोपाल मंडल, सदर एसडीपीओ


