सुपौल में मवेशी व्यापारियों से 25 लाख की लूट, हथियार के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

सुपौल। सदर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। हुसैन चौक लिंक रोड, वार्ड 22 के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने मवेशी व्यापारियों से बंदूक की नोक पर 25 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना सुबह करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है।

पीड़ित व्यापारियों की पहचान नवाब और शहजाद उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। दोनों मवेशी खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े हैं और सिंहेश्वर मवेशी हाट जाने के लिए घर से निकले थे।

हाट जाने के दौरान रास्ते में रोका, बैग छीनकर भागे

व्यापारियों ने पुलिस को बताया कि वे मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर मवेशी हाट में खरीदारी के लिए जा रहे थे। मवेशी खरीदने के उद्देश्य से उनके पास नकद 25 लाख रुपये एक बैग में रखे थे। जैसे ही वे हुसैन चौक लिंक रोड पहुंचे, पहले से घात लगाए बिना नंबर की काली बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

बदमाशों ने हथियार दिखाकर दोनों को धमकाया और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से फरार हो गए।

10 साल से इलाके में कर रहे कारोबार

बताया गया कि दोनों व्यापारी हुसैन चौक वार्ड 18 में मो. शहजाद के मकान में किराए पर रहते हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र के जोली गांव के निवासी हैं। वे पिछले करीब दस वर्षों से सुपौल, सहरसा और मधेपुरा के मवेशी हाटों में कारोबार कर रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस, दो टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से पूछताछ कर बयान दर्ज किया। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।

एसपी शरथ आरएस ने बताया कि लूटकांड के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है। अलग-अलग दो पुलिस टीमें तकनीकी और फील्ड स्तर पर जांच में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

  • Related Posts