सासाराम/सूर्यपुरा (रोहतास) | रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोढ़नडीह गांव में शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। शादी समारोह में स्टेज पर चढ़कर नर्तकी पर पैसे लुटा रहे युवक को जब उसके ही जिगरी दोस्त ने रोका, तो उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। गुस्साए दोस्त ने भरी महफिल में उसे तीन गोलियां मार दीं।
स्टेज पर चढ़ा बीर बहादुर, गुड्डू ने रोका तो तान दी पिस्टल
घटना मिथिलेश सिंह उर्फ विधायक की बेटी की शादी के दौरान हुई।
- माहौल: भोजपुर (बिहियां) से बारात आई थी और वापस लौटने की तैयारी में थी। सुबह के वक्त आर्केस्ट्रा चल रहा था।
- विवाद: गांव का ही बीर बहादुर स्टेज पर चढ़कर डांसर पर पैसे लुटा रहा था। तभी उसका दोस्त गुड्डू वहां पहुंचा और उसे स्टेज से नीचे उतरने को कहा।
- अंजाम: बीर बहादुर नहीं माना, तो गुड्डू ने आव देखा न ताव, पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ तीन फायर कर दिए। बीर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई और शादी का जश्न चीख-पुकार में बदल गया।
पिता के बयान पर FIR: गुड्डू और उसका रिश्तेदार नामजद
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिंधु शेखर और इंस्पेक्टर शेर सिंह यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
- आरोपी: पुलिस ने मृतक के पिता राजेश्वर सिंह के बयान पर गांव के ही गुड्डू कुमार और उसके रिश्तेदार भोला कुमार (निवासी: तेंदुनी, बिक्रमगंज) के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
- एक्शन: शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।


