
खगड़िया, 3 अगस्त 2025 | गोगरी थाना क्षेत्र के शेरचकला पंचायत अंतर्गत फुदकीचक पतरौन गांव में शुक्रवार देर रात पुत्र की छठी में आमंत्रण नहीं दिए जाने से नाराज पड़ोसी ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 25 वर्षीय कन्हैया महतो, पिता अरुण महतो, के रूप में हुई है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
छठी में नहीं बुलाया, सीने में मारी गोली
परिजनों के अनुसार, पड़ोसी जिच्छु मंडल से पुरानी रंजिश चल रही थी। होली के दिन गुलाल लगाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों परिवारों के बीच बातचीत बंद थी। इसी रंजिश के चलते कन्हैया के घर शुक्रवार को उसके पुत्र की छठी का आयोजन था, जिसमें जिच्छु के परिवार को निमंत्रण नहीं दिया गया।
शाम को जब कन्हैया गांव में घूम-घूमकर लोगों को भोज में आने का आमंत्रण दे रहा था, उसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। 112 पुलिस टीम को बुलाया गया, जिन्होंने स्थिति को शांत कराया।
इलाज से लौटते वक्त मारी गोली
मारपीट में घायल कन्हैया और उसके परिवार के सदस्य इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल गए थे। लौटते समय गांव के पास ही आरोपी जिच्छु मंडल ने कन्हैया के सीने में पिस्तौल सटाकर गोली मार दी, जिससे मौके पर ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे दोबारा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लोडेड पिस्तौल और 16 कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही गोगरी थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी जिच्छु मंडल को लोडेड पिस्तौल व 16 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या में प्रयुक्त हथियार को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
गांव में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद फुदकीचक पतरौन गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से गांव में गश्ती बढ़ा दी है। वहीं, पीड़ित परिवार के लोगों ने न्याय की मांग की है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की गुहार लगाई है।


