दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में सरकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। लहेरियासराय के बीके रोड पर करीब 1.85 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 74 दुकानों के निर्माण में अनियमितता की शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण की गुणवत्ता में कई खामियां सामने आने पर डीएम ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और नगर निगम के इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमजोर निर्माण पर जताई नाराजगी
बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण सामग्री और दीवारों की मजबूती को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और अगर इसमें लापरवाही या भ्रष्टाचार पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
डीएम ने यह भी चेतावनी दी कि यदि जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो संबंधित संवेदक (ठेकेदार) का भुगतान रोक दिया जाएगा और दोषी अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों की शिकायत के बाद खुला मामला
दरअसल, इस निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने पहले ही गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। उनकी शिकायत पर नगर निगम की उप-मेयर नाजिया हसन 2 मार्च को निर्माण स्थल पर पहुंची थीं। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने दीवार की मजबूती जांचने के लिए हल्का धक्का दिया तो दीवार का एक हिस्सा गिर गया।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और प्रशासन को जांच के लिए आगे आना पड़ा।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जिला प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है, ताकि सरकारी धन से हो रहे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता दोबारा न हो।


