भोजपुर में आपसी रंजिश में आईटीबीपी जवान ने चचेरे भाई को मारी गोली, मौत

बिहार के भोजपुर जिले के बभनौली गांव में सोमवार सुबह आपसी रंजिश को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के एक जवान ने अपने ही चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मवेशियों को चारा देते समय मारी गोली

मृतक की पहचान वार्ड संख्या 6 निवासी गणेश तिवारी (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। मृतक के बेटे गोलू के अनुसार, आरोपी चचेरे चाचा बसंत तिवारी उर्फ अभिषेक तिवारी, जो आईटीबीपी में जवान हैं, ने इस घटना को अंजाम दिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी जब भी छुट्टी पर गांव आता था, अक्सर छत या घर के बाहर फायरिंग कर लोगों को धमकाता था।

गोलू ने बताया कि उनके पिता घर के बाहर मशीन से मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे और पास में उनकी मां खड़ी थीं। इसी दौरान आरोपी अवैध हथियार लेकर वहां पहुंचा और सीधे उनके पिता के माथे में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 राजकुमार साह और मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।

आरोपी की तलाश जारी

एसडीपीओ-1 राजकुमार साह ने बताया कि मृतक के सिर के बाईं ओर गोली लगी, जिससे तत्काल मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आपसी पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान और टावर डंप के आधार पर आरोपी जवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने अन्य लोगों पर भी फायरिंग की, जिससे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

  • Related Posts

    TRE-4 शिक्षक बहाली की मांग को लेकर पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, 1 लाख से अधिक पदों पर भर्ती की उठी आवाज

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    गया में फ्री फायर गेम को लेकर विवाद में बुजुर्ग की हत्या, दो नाबालिग हिरासत में

    Share Add as a preferred…

    Continue reading