बांका (कटोरिया)। जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। हड़हार पंचायत के भोलाडीह गांव में ससुरालवालों द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से की गई मारपीट में 23 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। गंभीर हालत में भर्ती महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान भोलाडीह गांव निवासी शंभू यादव की पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दहेज को लेकर लंबे समय से उसे प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी विवाद में उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
पिता ने दर्ज कराया मामला, पति-ससुर समेत पांच आरोपी
मृतका के पिता पप्पू यादव, निवासी झुनझुनिया गांव (हड़हार पंचायत), ने कटोरिया थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन में पति शंभू यादव, ससुर रितेश यादव सहित कुल पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद भी ससुराल पक्ष ने समय पर सही इलाज की व्यवस्था नहीं की। जब स्थिति ज्यादा बिगड़ी तब उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी की तैयारी
थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी चल रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं मृतका के मायके पक्ष में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


