गोपालगंज में सनसनीखेज वारदात, घर के बाहर मोबाइल गेम खेल रहे 15 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या

बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के खैरटीया गांव में शुक्रवार को अज्ञात बदमाशों ने 15 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान खैरटीया गांव निवासी चंदन प्रसाद के बेटे आलोक कुमार उर्फ संजय कुमार के रूप में हुई है। आलोक आठवीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि वह अपने घर के बाहर बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था, तभी बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही आलोक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुराने विवाद की भी जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले आलोक का स्कूल में पढ़ने वाले कुछ लड़कों के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस पुराने विवाद का संबंध इस हत्या से हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।

इलाके में दहशत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद खैरटीया गांव में दहशत फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब खुलेआम एक नाबालिग को निशाना बनाया गया है।

  • Related Posts

    पटना में LPG संकट पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: गैस एजेंसी सील, 132 सिलेंडर जब्त; कई लोगों पर FIR

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    मोनालिसा के बयान से फिर सुर्खियों में पवन सिंह–अक्षरा सिंह विवाद, भोजपुरी इंडस्ट्री के पुराने रिश्तों पर छिड़ी नई बहस

    Share Add as a preferred…

    Continue reading