औरंगाबाद में एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कुख्यात अपराधी विकास कुमार और सहयोगी मोहम्मद तौहिद अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

औरंगाबाद, 07 सितंबर 2025।बिहार एसटीएफ (STF) की विशेष टीम और औरंगाबाद जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर जिले के कुख्यात अपराधी विकास कुमार और उसके सहयोगी मोहम्मद तौहिद को गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधकर्मियों को रविवार को औरंगाबाद जिले के बारूण थाना क्षेत्र से छापामारी के दौरान पकड़ा गया।

पुलिस ने मौके से 3 देसी पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों अपराधी क्षेत्र में लूट की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से उनकी मंशा पर पानी फिर गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  1. विकास कुमार, पिता – सूर्य देव पासवान, निवासी – कोचार, थाना – बारुण, जिला – औरंगाबाद।
  2. मोहम्मद तौहिद, पिता – मोहम्मद सहलोद, निवासी – दाऊद नगर, थाना – दाऊद नगर, जिला – औरंगाबाद।

इस संबंध में बारूण थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विकास कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहा है।

एसटीएफ और औरंगाबाद पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को जिले में अपराध पर रोक लगाने की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना और मजबूत हो सके।


 

  • Related Posts