पटना। बिहार की राजधानी पटना दिसंबर में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय तकनीकी आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। BIT मेसरा, पटना कैंपस में 5–6 दिसंबर 2025 को IMPACT 2025 – इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंटेलिजेंट मशीन प्रोसेसेज़ एंड एआई-सेंट्रिक टेक्नोलॉजीज़ का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और स्मार्ट सिस्टम्स के शोध क्षेत्र से जुड़े देश–विदेश के दिग्गज विशेषज्ञ शामिल होंगे।
संस्थान का कहना है कि यह दो दिवसीय आयोजन बिहार को तकनीकी नवाचार और अनुसंधान के उभरते केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
“बिहार में उन्नत अनुसंधान को मजबूती मिलेगी”— निदेशक डॉ. आनंद कुमार सिन्हा
BIT पटना कैंपस के निदेशक डॉ. आनंद कुमार सिन्हा ने कहा कि IMPACT 2025 “वैश्विक शोध सहयोग और अकादमिक एक्सचेंज को नई दिशा देगा। इससे बिहार में उच्चस्तरीय अनुसंधान, नवाचार और टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट की संभावनाएं और मजबूत होंगी।”
दुनिया के कई देशों से आएंगे कीनोट स्पीकर
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई शोधकर्ता और वैज्ञानिक अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। प्रमुख वक्ताओं में शामिल हैं—
- डॉ. इयान च्यू (सिंगापुर)
- डॉ.-इंग. सियान लुन लाउ (मलेशिया)
- डॉ. श्रीपर्णा साहा (IIT पटना)
- काम्या खट्टर (सीनियर एडिटर, स्प्रिंगर नेचर)
- डॉ. दीतिप्रिया सिन्हा (NIT पटना)
ये विशेषज्ञ डीप लर्निंग, नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, एआई-ड्रिवन निर्णय प्रणाली, सस्टेनेबल एआई और इंटेलिजेंट सिस्टम्स जैसे विषयों पर अपनी प्रस्तुति देंगे।
CSE विभाग की टीम संभाल रही तैयारी
BIT पटना के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के संयोजकों की टीम सम्मेलन की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही है। मुख्य आयोजक हैं—
- डॉ. अयन कुमार दास
- डॉ. ज्ञानेंद्र तिवारी
- डॉ. अमित प्रकाश
दो दिनों तक तकनीकी पेपर प्रस्तुति, पैनल चर्चा, विशेष कार्यशालाएँ और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें देश–विदेश के शोधकर्ता, उद्योग विशेषज्ञ और विद्यार्थी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
Springer ICT Series में होगा शोध-पत्रों का प्रकाशन
सम्मेलन में चयनित शोध-पत्रों की विस्तृत समीक्षा के बाद उन्हें Springer ICT Book Series (Scopus Indexed) में प्रकाशन के लिए भेजा जाएगा। यह शोधकर्ताओं के लिए बड़े वैश्विक मंच पर अपनी बात रखने का अवसर होगा।
बिहार को शिक्षा और टेक्नोलॉजी में मिलेगा बढ़ावा
आयोजकों का मानना है कि इस आयोजन से बिहार में तकनीकी माहौल और रिसर्च कल्चर को नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रतिभागियों के लिए नालंदा, राजगीर और बोधगया जैसे ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण की विशेष व्यवस्था भी की गई है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक विरासत से भी परिचय कराया जा सके।
कार्यक्रम का विवरण
- स्थान: BIT मेसरा, पटना कैंपस
- तारीख: 5–6 दिसंबर 2025
- आधिकारिक वेबसाइट: https://impact2025.bitmesra.ac.in
- सबमिशन पोर्टल: Microsoft CMT


