आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 का 7वां मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 176 रन बनाए। इस स्कोर तक पहुंचने में रोमारियो शेफर्ड और जेसन होल्डर की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की अहम भूमिका रही।
रोमारियो शेफर्ड ने रचा इतिहास
वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 83 रन पर ही 7 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में शेफर्ड और जेसन होल्डर ने पारी को संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की।
होल्डर ने 31 गेंदों में 49 रन बनाए, जबकि नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आए शेफर्ड ने 37 गेंदों में नाबाद 52 रन ठोक दिए। इसके साथ ही शेफर्ड टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में नंबर 9 पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
दोनों के बीच 9वें विकेट के लिए 57 गेंदों में 89 रनों की साझेदारी हुई, जो टी-20 इंटरनेशनल में 9वें विकेट की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है।
मार्करम की कप्तानी पारी से अफ्रीका की धमाकेदार जीत
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया। विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 47 रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान एडेन मार्करम ने 46 गेंदों में नाबाद 82 रन जड़े, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
इसके अलावा रयान रिकेल्टन ने 28 गेंदों में 45 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने 16.1 ओवर में सिर्फ 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस जीत के साथ अफ्रीकी टीम ने खिताब की दावेदारी और मजबूत कर दी है।


