शराब के रुपये नहीं देने पर पति ने पत्नी को मारी गोली, मौके पर मौत

हरनौत (नालंदा)। नालंदा जिले में सोमवार को शराब को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। कल्याणबिगहा थाना क्षेत्र के बड़ी आमर गांव में शराब के रुपये नहीं देने से नाराज़ पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान संजू देवी (पत्नी-मेघन मांझी) के रूप में हुई है।

300 रुपये की शराब पीकर हुआ विवाद

मृतका के भतीजे मनोज मांझी ने बताया कि उसके चाचा मेघन मांझी सोमवार को मोकिमपुर गांव में कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। करीब 300 रुपये की शराब पीने के बाद रुपये चुकाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद के बाद आरोपी घर आया और पत्नी से शराब के पैसे की मांग की।

पैसे नहीं देने पर उतारा गुस्सा

जब पत्नी ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी पति ने गुस्से में आकर बंदूक उठाई और पत्नी को गोली मार दी। गोली लगने से संजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कल्याणबिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पति फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

शराबबंदी पर उठ रहे सवाल

बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब की उपलब्धता और उससे जुड़े अपराध लगातार सामने आ रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर से शराबबंदी की विफलता और घरेलू हिंसा दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • Related Posts