पौष पूर्णिमा पर स्नान के लिए जबरदस्त भीड़, शाम तक 1 करोड़ लोग लगाएंगे डुबकी

पौष पूर्णिमा के स्नान के साथ भव्य और दिव्य महाकुंभ मेले की शुरुआत हो चुकी है. सोमवार की तड़के से ही देशी-विदेशी लाखों श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा रहे हैं. आज से ही 45 दिनों के कल्पवास की शुरुआत भी भक्त करेंगे. करीब 12 किमी एरिया के स्नान घाटों पर जबरदस्त भीड़ है. एपल को-फाउंडर स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स भी प्रयागराज पहुंच चुकी हैं. निरंजनी अखाड़े में उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान किया. 144 साल में पहली बार महाकुंभ में दुर्लभ संयोग बना है. मेले में जबरदस्त भीड़ है. सुबह 8 तक ही 40 लाख भक्तों ने स्नान कर लिया. इससे पूर्व 7.30 बजे तक यह आंकड़ा 35 लाख था. शाम तक करीब 1 करोड़ भक्तों के स्नान करने का अनुमान है.

मेले में 7 स्तरीय कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रखी गई है. रविवार की रात 8 बजे से ही अगले 4 दिनों के लिए महाकुंभ क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है. उधर, महाकुंभ के पहले स्नान पर्व से पूर्व रविवार को भी लगभग 50 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई. वहीं सोमवार की तड़के से ही बड़ी संख्या में साधु-संतों के साथ ही पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग पहुंचने लगे. वहीं पीएम मोदी के अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी महाकुंभ की शुरुआत पर लोगों को शुभकामनाएं दीं.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है कि पौष पूर्णिमा पर पवित्र स्नान के साथ ही आज से प्रयागराज की पुण्यभूमि पर महाकुंभ का शुभारंभ हो गया है. हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़े इस दिव्य अवसर पर मैं सभी श्रद्धालुओं का हृदय से वंदन और अभिनंदन करता हूं. भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का यह विराट उत्सव आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे, यही कामना है.

सीएम योगी बोले- गौरवशाली परंपरा का बनें हिस्सा : मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक है. यह आयोजन अनेकता में एकता की भावना को सजीव करता है. मां गंगा की पवित्र धारा में स्नान और साधना करने आए सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों. उन्होंने आगे कहा कि यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सनातन संस्कृति और परंपराओं के वैश्विक गौरव का प्रतीक भी है. महाकुम्भ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं. आइए, महाकुंभ 2025 में सहभागी बनकर सनातन संस्कृति की इस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बनें. मां गंगा की कृपा से आपका जीवन सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण हो.

खराब मौसम और बूंदाबांदी के बीच प्रयागराज में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ रविवार की रात से ही पहुंचनी शुरू हो गई थी. देश के कोने- कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु संगम की रेती पर पहुंचे हैं. हर-हर महादेव, हर-हर गंगे की गगनभेदी जयकारे गूंज रहे हैं. पौष पूर्णिमा स्नान पर्व से पूर्व सभी प्रमुख साधु-संत अखाड़ाें का संगम क्षेत्र में पहले ही हो चुका है.

महाकुंभ में सनातन के ध्वज वाहक 13 अखाड़ों की छावनी क्षेत्र में मौजूदगी दर्ज हो चुकी है. 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर पहले अमृत स्नान पर सभी अखाड़े अपने क्रम के अनुसार स्नान करेंगे. DIG वैभव कृष्ण के अनुसार स्नान करने वालों का अनुमानित आंकड़ा 50 लाख के करीब है. व्यवस्था ठीक चल रही है. भीड़ नियंत्रण में है.

  • Related Posts

    नवादा में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही: सिर फटने पर टांकों की जगह लगा दी स्टेपलर पिन, वीडियो वायरल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    मुंगेर में युवक की नृशंस हत्या से सनसनी: सिर काटकर शव मिट्टी में दबाया, गांव में बढ़ा तनाव

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *