
भागलपुर, 23 सितम्बर 2025-भागलपुर के विक्रमशिला पुल पर सोमवार शाम करीब 5 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुल के 29 नंबर पाया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन-फानन में मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया घटना का हाल
चश्मदीदों के अनुसार, ट्रक बहुत तेज रफ्तार में था। तभी सामने से आ रही दंपत्ति की बाइक का संतुलन बिगड़ा और ट्रक ने उन्हें रौंद डाला। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल पति ने अस्पताल में बताया—
“हमें समझ ही नहीं आया कि ट्रक कितनी स्पीड में था, सबकुछ कुछ ही सेकेंड में हो गया।”
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को शांत कराया। गुस्साए लोगों ने कुछ देर के लिए पुल पर जाम लगाने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने जप्त कर लिया है।
तेज रफ्तार पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर विक्रमशिला पुल पर वाहनों की तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाएं आम हो गई हैं।


