गया में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टक्कर के बाद कार बनी आग का गोला, दो लोग जिंदा जले; चालक की हालत गंभीर

गया | बिहार के गया जिले में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। गया-पटना रोड पर बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास ट्रक और कार की जोरदार टक्कर के बाद कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।

टक्कर के बाद धू-धूकर जल उठी कार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ। ट्रक से टक्कर लगते ही कार में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। कार में बैठे दो लोग बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।

वैशाली का रहने वाला है घायल चालक

हादसे में गंभीर रूप से झुलसे चालक की पहचान ऋषभ कुमार, पिता श्याम देव सिंह, निवासी वैशाली के रूप में हुई है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

रांची से लौट रहे थे कार सवार

पुलिस के अनुसार, कार में सवार लोग रांची से बिहार लौट रहे थे। हालांकि आग में शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में जुटी है।

खाद से लदा था ट्रक, चालक-खलासी फरार

बताया जा रहा है कि ट्रक में खाद लदा हुआ था। हादसे के बाद ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

पोस्टमार्टम और जांच जारी

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस ने क्या कहा?

बोधगया थाना के अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक और कार की टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से झुलस गया।

“मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग रांची से आ रहे थे। पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।”
— अरविंद कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष, बोधगया

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने दिए बड़े निर्देश, PDS व्यवस्था होगी और मजबूत

    Share Add as a preferred…

    बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, बोले- जनता बदलाव का मन बना चुकी है, भाजपा की हार तय

    Share Add as a preferred…