सेविकाओं को अब 9,000 रुपये और सहायिकाओं को 4,500 रुपये मिलेगा मानदेय
पटना।बिहार में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं जीवन स्तर सुधारने में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की अहम भूमिका को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके मानदेय में वृद्धि का ऐलान किया है।
नई व्यवस्था के तहत—
- आंगनबाड़ी सेविका का मानदेय 7,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये किया गया है।
- आंगनबाड़ी सहायिका का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़ाकर 4,500 रुपये किया गया है।
2005 से लगातार सुधार की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण तथा स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में बड़े पैमाने पर काम किया गया है। इसके लिए समेकित बाल विकास परियोजना (ICDS) के माध्यम से 6 प्रकार की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका
आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से इन सेवाओं को लाभुकों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके इसी योगदान को देखते हुए मानदेय में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है।
मनोबल बढ़ेगा, सेवाएं होंगी और मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का मनोबल और बढ़ेगा तथा समेकित बाल विकास सेवाएं और बेहतर तरीके से संचालित होंगी।


