4 मार्च को शुभ योग में मनाई जाएगी होली, राशि अनुसार रंगों का विशेष महत्व

रंगों का पर्व होली इस वर्ष 4 मार्च को पूरे देश में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। बनारस से प्रकाशित होने वाले ऋषिकेश पंचांग के अनुसार इस बार होली शुभ योग में पड़ रही है, जिससे इसका धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व और बढ़ गया है।

4 मार्च को रंग खेलने का उत्तम दिन

पटना के ज्योतिषाचार्य पंडित राजन उपाध्याय ने बताया कि फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि पर होलिका दहन और अगले दिन रंगों की होली मनाने की परंपरा शास्त्रों में वर्णित है। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा तिथि 3 मार्च की रात से प्रारंभ होकर 4 मार्च को दिन में भी रहेगी, इसलिए 4 मार्च को रंग खेलना श्रेष्ठ माना गया है।

स्नान-दान और पूजन का विशेष महत्व

ज्योतिषाचार्य के अनुसार होली के दिन प्रातः स्नान के बाद दान करना विशेष फलदायी होता है। इस दिन भगवान विष्णु और भक्त प्रह्लाद की पूजा करने का विधान है। इसके बाद अबीर-गुलाल से होली खेलनी चाहिए।

शास्त्रों में यह भी कहा गया है कि इस दिन क्रोध, द्वेष और वैरभाव त्यागकर प्रेम और सौहार्द का भाव अपनाना चाहिए। होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का पर्व है, इसलिए इसे ‘समता का पर्व’ भी कहा जाता है।

इन नियमों का करें पालन

पंडित राजन उपाध्याय के अनुसार होली के दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करना, जरूरतमंदों को अन्न-वस्त्र का दान देना और परिवार के बड़ों का आशीर्वाद लेना शुभ माना गया है। साथ ही सात्विक भोजन करने और नशे या विवाद से दूर रहने की सलाह दी गई है।

हर रंग का अपना महत्व

होली के प्रत्येक रंग का अलग प्रतीकात्मक महत्व है—

  • लाल: ऊर्जा और प्रेम का प्रतीक
  • पीला: ज्ञान और समृद्धि, भगवान विष्णु एवं श्रीकृष्ण से संबंधित
  • हरा: प्रकृति, स्वास्थ्य और नई शुरुआत
  • नीला: शांति और स्थिरता
  • गुलाबी: मित्रता और सौहार्द

शास्त्रों में प्राकृतिक रंगों से होली खेलने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर और पर्यावरण दोनों के लिए सुरक्षित माने जाते हैं।

राशि अनुसार शुभ रंग

  • मेष: लाल, पीला
  • वृषभ: सफेद वस्त्र, नारंगी, बैंगनी
  • मिथुन: हरा
  • कर्क: सफेद
  • सिंह: गोल्डन, पीला, लाल, नारंगी
  • कन्या: हरा, भूरा, नारंगी
  • तुला: सफेद, हल्का गुलाबी
  • वृश्चिक: लाल, मैरून, पीला
  • धनु: लाल, पीला
  • मकर: नीला, काला
  • कुंभ: काला, बैंगनी, लाल
  • मीन: पीला

ज्योतिषाचार्य के अनुसार श्रद्धा और शास्त्रीय विधि से मनाई गई होली मानसिक शांति, पारिवारिक सुख और आर्थिक उन्नति का आशीर्वाद देती है। होली समाज में भेदभाव मिटाकर सभी को एक सूत्र में बांधने का संदेश देती है।

  • Related Posts