पटना: कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के सेना को लेकर दिए बयान पर सियासी बवाल जारी है। बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारतीय सेना का मनोबल तोड़ने वाली भाषा बोल रहे हैं और देश से माफी मांगनी चाहिए।
“राहुल गांधी अर्बन नक्सल की भाषा बोल रहे हैं”
शाहनवाज हुसैन ने कहा,
“राहुल गांधी शहरी नक्सली की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने सेना को भी नहीं बख्शा। यह सेना का मनोबल गिराने वाला बयान है। देश इन्हें कभी माफ नहीं करेगा।”
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को जाति और धर्म के चश्मे से देखना बेहद शर्मनाक है और यह देश के सैनिकों के अपमान जैसा है।
“देश से माफी मांगे राहुल गांधी”
बीजेपी नेता ने आगे कहा,
“राहुल गांधी को सेना पर दिए बयान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। ऐसा बयान देकर उन्होंने देश की वीर सेना का हौसला कम करने का काम किया है।”
RJD और कांग्रेस पर भी हमला
शाहनवाज हुसैन ने राजद और कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा,
“लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री। लेकिन न मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली है न प्रधानमंत्री की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय तक देश की सेवा करेंगे।”
उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहा है और भारी बहुमत से सरकार बनाएगा।
“अमित शाह जी ने कहा है एनडीए 160-180 सीटें जीतेगा।”
क्या कहा था राहुल गांधी ने?
बता दें, राहुल गांधी ने बिहार के कुटुंबा में एक रैली के दौरान कहा था कि भारतीय सेना “देश की 10% आबादी के नियंत्रण में है”, और यह भी कि ऊँची जातियों का इसमें प्रभुत्व है। इस बयान के बाद से भाजपा लगातार उन पर हमलावर है।


