29 अगस्त से 7 सितंबर तक खेला जाएगा टूर्नामेंट, एशिया की आठ टीमें लेंगी हिस्सा
पटना, 28 अगस्त।राजगीर पहली बार पुरुष हॉकी एशिया कप की मेजबानी करने जा रहा है। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से 7 सितंबर तक अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, राजगीर में यह टूर्नामेंट खेला जाएगा।
यह एशिया कप का 12वां संस्करण है, जिसमें भारत, जापान, चीन, कज़ाकिस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें भाग लेंगी। यह आयोजन 2026 एफआईएच हॉकी विश्व कप के क्वालीफायर के रूप में भी अहम है।

भारत का पहला मैच 29 अगस्त को चीन से
मेजबान भारत को पूल ए में जापान, चीन और कज़ाकिस्तान के साथ रखा गया है। भारत अपना पहला मुकाबला 29 अगस्त को चीन के खिलाफ खेलेगा। वहीं पूल बी में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे शामिल हैं। कुल 24 मैच खेले जाएंगे।
प्रशंसकों के लिए निःशुल्क टिकट
हॉकी इंडिया ने सभी मैच देखने के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा है। प्रशंसक www.ticketgenie.in या हॉकी इंडिया ऐप पर पंजीकरण कर वर्चुअल टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
बिहार के लिए ऐतिहासिक आयोजन
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवींद्रन शंकरन ने कहा कि यह आयोजन राज्य के लिए ऐतिहासिक है, जो न केवल बिहार की खेल क्षमता को प्रदर्शित करेगा बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में राज्य की वैश्विक छवि को भी मज़बूत करेगा।


