भागलपुर में हीरो एशिया कप 2025 ट्रॉफी का हुआ भव्य स्वागत

भागलपुर, 25 अगस्त 2025:हीरो एशिया कप 2025 हॉकी टूर्नामेंट की ट्रॉफी का आज भागलपुर में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। ट्रॉफी कल रात जिला अतिथि गृह में ठहराई गई थी और आज सुबह मुंगेर रवाना होने से पहले शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और खिलाड़ियों ने बैंड-बाजे, फूलों और मार्च-पास्ट के साथ इसका स्वागत किया।

छात्रों और खिलाड़ियों में उत्साह

सैकड़ों बच्चों और खिलाड़ियों ने ट्रॉफी को हाथों में लेकर गर्व का अनुभव किया। एनसीसी कैडेट्स के नेतृत्व में तिलकामांझी चौक तक मार्च-पास्ट किया गया। मदनलाल बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने जिला अतिथि गृह पर फूल बरसाकर ट्रॉफी का स्वागत किया। वहीं, सैनडिस्क कंपाउंड में भी सैकड़ों कैडेट्स और बच्चों ने जोश के साथ ट्रॉफी गौरव यात्रा का अभिनंदन किया।

एशिया कप पहली बार बिहार में

29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर (नालंदा) में आयोजित होने जा रहे हीरो एशिया कप 2025 में भारत सहित चीन, जापान, ताइवान समेत आठ देशों की टीमें भाग लेंगी। यह पहला अवसर है जब बिहार एशिया स्तर की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा।
राज्य के सभी जिलों में ट्रॉफी यात्रा निकाली जा रही है ताकि आम खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिले और खेल के प्रति माहौल तैयार हो सके।

खिलाड़ियों को जिला खेल पदाधिकारी का संदेश

जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा –
“अगर खिलाड़ी एक लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करें और बिहार सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही खेल सुविधाओं का सही उपयोग करें, तो उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवश्य होगा।”

उन्होंने यह भी बताया कि –

  • बिहार सरकार ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को नौकरी दे रही है।
  • प्रत्येक प्रखंड में आउटडोर स्टेडियम, प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान और भागलपुर के 11 स्टेडियमों में ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं।
  • खेलो इंडिया योजना के तहत भी नई खेल अवसंरचना का निर्माण किया जा रहा है।
  • तिलकामांझी विश्वविद्यालय परिसर में मल्टीपरपस हॉल और सबौर कृषि विश्वविद्यालय में 50 मीटर का स्विमिंग पूल खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।

जोरदार स्वागत के गवाह बने खिलाड़ी और आमजन

ट्रॉफी यात्रा भागलपुर से निकलकर नवगछिया और बिहपुर होते हुए मुंगेर रवाना हुई। रास्ते में जगह-जगह खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने भागलपुर में हुए भव्य आयोजन और सत्कार की सराहना की।

कार्यक्रम में मौजूद रहे

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, एनसीसी ऑफिसर अंजन कुमार, राकेश मंडल, सतीश चंद्र, मीनल किशोर, आमिर खान, सुनील कुमार, संजीव राय, गोपाल कुमार, चंद्रभूषण कुमार, गोविंद कुमार समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कैडेट्स और खेलप्रेमी उपस्थित थे।


 

  • Related Posts

    जगदीशपुर में ‘ब्राउन शुगर’ के खिलाफ महा-संग्राम! ग्रामीणों ने दारोगा को दिया ‘क्लीन चिट’; अब नशे के सौदागरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की मांग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार के 47 IAS-IPS अफसरों को मिली बड़ी जिम्मेदारी: पांच राज्यों के चुनाव में निभाएंगे अहम भूमिका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading