गुरबाज़ के तीन छक्के, फिर आखिरी गेंद पर टूट गया सपना

साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया यह मुकाबला जिसने भी देखा, वह दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर हो गया। टी20 विश्व कप के इतिहास में पहली बार किसी मैच में दो सुपर ओवर देखने को मिले। रोमांच से भरपूर इस महामुकाबले में आखिरकार साउथ अफ्रीका ने दूसरे सुपर ओवर में बाजी मार ली। अफगानिस्तान के पास उलटफेर का सुनहरा मौका था, लेकिन टीम आखिरी पल में चूक गई।

पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने बनाए 17 रन

मैच टाई होने के बाद पहला सुपर ओवर खेला गया। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई और रहमानुल्लाह गुरबाज बल्लेबाजी के लिए उतरे। उमरजई ने पहली ही गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर धमाकेदार शुरुआत की। अफगान टीम ने इस ओवर में कुल 17 रन बनाए।

जवाब में साउथ अफ्रीका के लिए डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस उतरे। शुरुआती दो गेंदों पर 7 रन बने, लेकिन तीसरी गेंद पर ब्रेविस आउट हो गए। चौथी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने चौका लगाया, जबकि पांचवीं गेंद डॉट रही। आखिरी गेंद पर 7 रन चाहिए थे और स्टब्स ने शानदार छक्का जड़कर सुपर ओवर टाई करा दिया।

दूसरे सुपर ओवर में मिलर का तूफान

पहला सुपर ओवर टाई होने के बाद रोमांच और बढ़ गया। दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका के लिए स्टब्स और मिलर बल्लेबाजी करने आए। अजमतुल्लाह उमरजई गेंदबाजी कर रहे थे।

  • पहली गेंद पर स्टब्स ने छक्का जड़ा,
  • दूसरी पर सिंगल लेकर स्ट्राइक मिलर को दी,
  • तीसरी पर 2 रन आए,
  • अगली दो गेंदों पर मिलर ने लगातार दो छक्के जड़ दिए।

साउथ अफ्रीका ने इस ओवर में 23 रन बनाकर अफगानिस्तान के सामने 24 रनों का मुश्किल लक्ष्य रखा।

गुरबाज ने जगाई उम्मीद, लेकिन आखिरी गेंद पर चूके

अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद नबी और गुरबाज क्रीज पर आए, जबकि गेंद केशव महाराज के हाथों में थी।

  • पहली गेंद डॉट रही,
  • दूसरी गेंद पर नबी आउट हो गए,
  • इसके बाद गुरबाज ने लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर मैच को बेहद रोमांचक बना दिया।

आखिरी गेंद पर अफगानिस्तान को 5 रनों की जरूरत थी, लेकिन गुरबाज आउट हो गए और अफगान टीम 4 रनों से मुकाबला हार गई।

इतिहास में दर्ज हुआ यादगार मैच

यह मुकाबला टी20 क्रिकेट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक बन गया। डबल सुपर ओवर, आखिरी गेंद तक चला सस्पेंस और गुरबाज की जुझारू पारी ने फैंस को बांधे रखा। साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जबकि अफगानिस्तान ने भी अपने खेल से सबका दिल जीत लिया।


 

  • Related Posts

    टी-20 वर्ल्ड कप 2026: डबल सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को हराया, अहमदाबाद में दिखा ऐतिहासिक रोमांच

    Share Add as a preferred…

    Continue reading