विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का आज भव्य आगाज: सुल्तानगंज में तैयारियां पूरी, लाखों कांवरियों के स्वागत को प्रशासन अलर्ट

भागलपुर: विश्वविख्यात श्रावणी मेला-2026 के शुभारंभ का ऐतिहासिक क्षण आ गया है। सोमवार, 28 जुलाई को अपराह्न 3:00 बजे सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट (जहाज घाट) पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी श्रावणी मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस भव्य समारोह के साथ एक माह तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए जल लेकर रवाना होंगे।

उद्घाटन समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल करेंगे। इसके अलावा प्रभारी मंत्री नितीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

समारोह में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला परिषद अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने उद्घाटन समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन, सहायता केंद्र और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आस्था के साथ संस्कृति का भी महापर्व

श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है। हर वर्ष लाखों कांवरिये सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचते हैं। इस वर्ष भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, आमंत्रित अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों से उद्घाटन समारोह में शामिल होकर इस ऐतिहासिक अवसर की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

  • ये भी पढ़े..

    बांकीपुर उपचुनाव से पहले सियासी हलचल: BJP प्रचार में पिता, तो बेटे का PK के साथ वीडियो वायरल; बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं

    Share Add as a preferred…

    श्रावणी मेला-2026: डीएम-एसपी ने अधिकारियों को किया अलर्ट, सुरक्षा से लेकर भीड़ प्रबंधन तक सभी तैयारियों की समीक्षा

    Share Add as a preferred…