बिहार में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हड़कंप, मीट दुकान में धमाका, 11 लोग झुलसे

बिहार के बेतिया में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। लौरिया नगर पंचायत क्षेत्र में यूनियन बैंक के सामने स्थित एक मीट दुकान में छोटे रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।

11 लोग झुलसे, दो महिलाएं और दो बच्चियां गंभीर

इस हादसे में दुकानदार समेत कुल 11 लोग झुलस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया पहुंचाया गया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि दो महिलाएं और दो बच्चियां गंभीर रूप से झुलसी हैं।

डॉ. रौशन कुमार ने बताया,
“घटना दुखद है। 11 लोग झुलसे हैं। 2 महिला और 2 बच्ची गंभीर हैं। गंभीर रूप से जख्मी लोगों को जीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। लेकिन एंबुलेंस को अतिक्रमण के कारण जाने में परेशानी हो रही थी। लोगों को परिस्थिति समझनी चाहिए।”

घायलों की पहचान

घायलों में गोविंद राय (34), विनय कुमार शुक्ला (32), गुलाब पटेल, प्रेमनाथ कुमार (25), अमरजीत कुमार (30), नितीश कुमार (25), कृष्णा ठाकुर (35), भूल देवी (35), बेबी कुमारी (5), सीता देवी और एक अन्य छह वर्षीय बच्ची शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है और चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।

जांच शुरू, प्रशासन की अपील

घटना की सूचना मिलते ही सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार, सीओ नितेश कुमार सेठ और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

सीओ नितेश कुमार सेठ ने कहा,
“व्यवसायियों को सख्त हिदायत दी जाती है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें और सुरक्षा मानकों का पालन करें।”

पुलिस ने सिलेंडर में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दिया है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

  • Related Posts

    दिल्ली शराब नीति मामले में केजरीवाल बरी, तेजस्वी यादव ने दिल्ली में दोबारा चुनाव की उठाई मांग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading