भागलपुर। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से भागलपुर में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया है और तिलकामांझी विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) का परिसर भी इसकी चपेट में आ गया है।
विश्वविद्यालय परिसर में पानी घुसने से छात्रों और कर्मचारियों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन अभी सुरक्षित है, लेकिन सीनेट हॉल और उसके आसपास का इलाका जलमग्न हो चुका है।
छात्रों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए अलर्ट मोड में काम करना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले भी तिलकामांझी विश्वविद्यालय टापू जैसी स्थिति में आ गया था। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लगातार हालात पर नज़र रखे हुए हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी है।


