पटना। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा चलाए जा रहे राजस्व महा–अभियान शिविरों में अब सभी डिजिटल कामकाज की जिम्मेदारी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के ऑपरेटरों को सौंपी गई है। यह व्यवस्था आज गुरुवार से पूरे राज्य में लागू हो गई है।
मंत्रिपरिषद की स्वीकृति और अधिसूचना जारी होने के बाद यह निर्णय लिया गया। विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी अंचल अधिकारियों को आदेश जारी कर निर्देश दिया है कि प्रत्येक शिविर में चार कम्प्यूटर ऑपरेटर तैनात रहेंगे। ये ऑपरेटर शिविर में मिले आवेदनों का ऑनलाइन पंजीकरण करेंगे और संबंधित राजस्व कर्मचारियों को उपलब्ध कराएंगे।
निगरानी की विशेष व्यवस्था
- प्रत्येक अंचल में अधिकतम 28 ऑपरेटर की नियुक्ति की जाएगी।
- अंचल स्तर पर एक सुपरवाइजर और जिला स्तर पर दो डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सीएससी की ओर से लगाए जाएंगे।
- ये अधिकारी ऑपरेटरों की उपस्थिति और कामकाज पर कड़ी नजर रखेंगे।
समन्वय और सुविधा
सचिव ने निर्देश दिया है कि सभी अंचलाधिकारी तुरंत CSC के जिला प्रबंधक व समन्वयक से संपर्क कर शिविरों में पंजीकरण और प्रपत्र संधारण की प्रक्रिया को निर्बाध रूप से सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी जिलों को CSC समन्वयकों का नाम और संपर्क नंबर उपलब्ध करा दिया गया है।
हड़ताल से निपटने की तैयारी
राज्य सरकार ने यह व्यवस्था खासकर संविदा कर्मियों की हड़ताल को देखते हुए की है, ताकि शिविरों का काम प्रभावित न हो और जनता को सभी सुविधाएं समय पर मिलती रहें।


