भागलपुर, 21 अक्टूबर 2025।नाथनगर विधानसभा क्षेत्र की समाजसेवी और एसएमएस फाउंडेशन की संस्थापिका शारदा देवी ने अपने संघर्ष, समर्पण और सेवा भाव के बल पर जनता के बीच विशेष पहचान बनाई है। इसी जनसमर्थन के भरोसे उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरते हुए अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के दौरान सैकड़ों समर्थक ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद समर्थकों ने फूल-मालाओं से शारदा देवी का भव्य स्वागत किया और नारे लगाकर अपना समर्थन जताया।
मीडिया से बातचीत में शारदा देवी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य नाथनगर की जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि नाथनगर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, जहां हर साल बाढ़ की विभीषिका से लोग जूझते हैं, लेकिन सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर नहीं हो पाता।
शारदा देवी ने कहा, “जनता की मांग और विश्वास ही मेरे चुनाव लड़ने की सबसे बड़ी ताकत है। मैं जनता के भरोसे और समर्थन के कारण चुनावी मैदान में उतरी हूं। उनका जो भरोसा मुझ पर है, उसे निभाना मेरा पहला कर्तव्य होगा। मैं नाथनगर की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहूंगी।”
शारदा देवी का यह कदम समाजसेवा से राजनीति तक का नया अध्याय जोड़ता है, जहां वे जनता के सहयोग से सेवा को सियासत से जोड़ने की पहल कर रही हैं।


