पूर्णिया से पीएम मोदी ने दी बिहार को 40 हजार करोड़ की सौगात, एयरपोर्ट का उद्घाटन और चार ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

पूर्णिया/पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एक दिन के बिहार दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया और पहली कमर्शियल फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही बिहारवासियों को चार नई ट्रेनों की सौगात दी।

पीएम मोदी ने इस मंच से बिहार को लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का तोहफा दिया। अपने संबोधन में उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “कांग्रेस वाले बिहार की तुलना बीड़ी से करते हैं। ये लोग बिहार को आगे बढ़ता नहीं देख सकते।”

घुसपैठ पर कड़ा रुख

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमांचल और पूर्वी भारत में घुसपैठ के कारण डेमोग्राफी पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने साफ कहा कि भारत में भारत का कानून चलेगा, घुसपैठियों की मनमानी नहीं। मोदी ने कांग्रेस और आरजेडी पर आरोप लगाया कि वोटबैंक की राजनीति के लिए वे घुसपैठियों का बचाव कर रहे हैं।

महंगाई पर बड़ी घोषणा

पीएम ने नवरात्र से पहले जनता को राहत देते हुए कहा कि 22 सितंबर से जीएसटी में भारी कमी की जाएगी। रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें सस्ती होंगी। रसोई का खर्च कम होगा और त्योहार में बच्चों के कपड़े भी सस्ते मिलेंगे।

महिलाओं और किसानों का जिक्र

मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार में महिलाएं अब जीविका दीदी और ड्रोन दीदी बन रही हैं, जबकि आरजेडी के शासन में हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं आम थीं। उन्होंने मखाना किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने उनकी उपेक्षा की, जबकि एनडीए सरकार उन्हें नए अवसर दे रही है।

गरीबों के लिए वादा

पीएम ने कहा, “जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, तब तक मोदी रुकने वाला नहीं है। हम 3000 नए घर बनाने जा रहे हैं।”

जनसभा में उमड़ा जनसैलाब

देरी से पूर्णिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने जनता से क्षमा मांगी और कहा कि देरी के बावजूद आप लोग बड़ी संख्या में डटे रहे, इसके लिए आभार। इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए के तमाम नेता मौजूद रहे।

  • Related Posts

    होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर बढ़ रहे दो LPG टैंकर, जल्द पहुंचेगी 46 हजार टन गैस की खेप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना में ‘पोस्टर वार’ से सियासी उबाल! राजद का भाजपा पर तीखा प्रहार— “कोई ऐसा सगा नहीं, जिसे भाजपा ने ठगा नहीं”; सीएम की कुर्सी और ‘अजगर’ वाली तस्वीर वायरल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading