वैशाली में संजना भारती हत्याकांड का पर्दाफाश, चचेरे भाई ने ही रची थी साजिश
वैशाली।जिले में हुए बहुचर्चित संजना भारती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी रूपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए।
क्या था मामला
मिली जानकारी के अनुसार, गोरौल थाना क्षेत्र के पीरापुर मथुरा गांव निवासी 20 वर्षीय छात्रा संजना भारती 27 मई 2025 को एडमिट कार्ड लाने के लिए भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित एलएन कॉलेज गई थी। इसी दौरान उसका अपहरण कर लिया गया। करीब डेढ़ महीने बाद छात्रा का शव गांव के ही एक खेत से बरामद हुआ था।
पुलिस की जांच और खुलासा
जांच के क्रम में पुलिस ने पहले आरोपी अमन कुमार को गिरफ्तार किया था। वहीं, मुख्य आरोपी रूपेश कुमार को पुलिस ने उसके बैंक खाते के लेन-देन के आधार पर ट्रैक कर दबोचा।
पूछताछ में सामने आया कि मृतका संजना भारती आरोपी रूपेश की चचेरी बहन थी। आरोपी ने कबूल किया कि वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इसी वजह से उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
27 मई को योजना के तहत संजना का अपहरण किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव को खेत में दफना दिया गया।
एसपी का बयान
वैशाली के एसपी ललित मोहन शर्मा ने बताया कि पुलिस की लगातार पड़ताल और तकनीकी जांच के आधार पर इस मामले का खुलासा किया गया है। आरोपी रूपेश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


