टिकट कटने से भड़के राजद के पूर्व प्रत्याशी मदन साह, राबड़ी आवास पर किया हाई वोल्टेज ड्रामा — लगाया टिकट की दलाली का आरोप

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में टिकट बंटवारे के बाद कई नेताओं में नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। इसी कड़ी में मधुबन विधानसभा सीट से राजद के पूर्व प्रत्याशी मदन साह ने शुक्रवार को पटना स्थित राबड़ी देवी आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

टिकट की दलाली का आरोप

प्रदर्शन के दौरान मदन साह ने राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि संजय यादव ने टिकट के बदले 2 करोड़ 70 लाख रुपये की मांग की थी। मदन साह का आरोप है कि पार्टी में टिकट अब “मेहनती कार्यकर्ताओं” को नहीं बल्कि “पैसे वालों” को दिया जा रहा है।

“मैं पिछले कई सालों से पार्टी के लिए समर्पित होकर काम कर रहा हूं, लेकिन अब टिकट पैसों के बल पर बांटा जा रहा है। पार्टी ने वफादार कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर दिया है।”
मदन साह, राजद के पूर्व प्रत्याशी


राबड़ी आवास के बाहर हंगामा

राबड़ी आवास के बाहर जैसे ही मदन साह पहुंचे, उन्होंने गुस्से में अपना कुर्ता फाड़ लिया और सड़क पर लेटकर रोने लगे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में भीड़ वहां जमा हो गई। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने के लिए उन्हें वहां से हटाया।

सूत्रों के मुताबिक, मदन साह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें वह टिकट न मिलने पर रोते और आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।


‘अब मैं कहीं का नहीं रहा’

मदन साह ने मीडिया से बात करते हुए कहा —

“मेरे दो बेटे और एक बेटी हैं। मैं पार्टी के कारण उनकी शादी तक नहीं कर पाया। अब जब चुनाव आया तो पार्टी ने मेरा ही टिकट काट दिया। अब मैं कहीं का नहीं रहा।”

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में वे बहुत कम वोटों से हारे थे, और उस समय लालू प्रसाद यादव ने वादा किया था कि अगली बार उन्हें टिकट दिया जाएगा, लेकिन इस बार संजय यादव ने टिकट बेच दिया है।


राजद की चुप्पी बरकरार

राबड़ी आवास पर हुए इस पूरे घटनाक्रम के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पार्टी ने टिकट बंटवारे को लेकर जारी विवाद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।


रिपोर्टर: सुमित कुमार
अपडेट: 10 अक्टूबर 2025


 

  • Related Posts

    Bhagalpur Cyber Fraud: पीएम किसान योजना के नाम पर किसानों को ‘चूना’! KYC के बहाने खाली करते थे खाता; दो और शातिर गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading