कटिहार सदर से पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद की धमाकेदार जीत, समर्थकों में जश्न का माहौल

कटिहार: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के साथ ही कटिहार सदर सीट पर पूर्व डिप्टी सीएम और बीजेपी प्रत्याशी तारकिशोर प्रसाद ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर दी है। मतगणना पूरी होने के बाद जैसे ही उनकी जीत पक्की हुई, उनके मिर्चाइबाड़ी स्थित आवास पर जश्न का माहौल बन गया। बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के बीच जोरदार खुशी का इजहार किया, एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाईं और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया।

एनडीए की जीत पर बोले तारकिशोर – “ये जनता की जीत है”

जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार ने जिस विकास मॉडल पर काम किया, जनता ने उसी पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा—
“ये मेरी नहीं, जनता की जीत है। कटिहार ने हमेशा साथ दिया है और इस बार भी जनता ने हमें भारी समर्थन दिया। हम भरोसे पर खरा उतरेंगे।”

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि एनडीए सरकार ने राज्य में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में विकास को गति दी है और आने वाले दिनों में इस विकास को और तेज किया जाएगा। उनके अनुसार, कटिहार के लोगों ने जो प्यार और आशीर्वाद दिया है, वह उन्हें क्षेत्र के लिए और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।

कटिहार में खुशी की लहर

स्थानीय बीजेपी कार्यालय से लेकर मोहल्लों तक सुबह से ही गहमागहमी बनी रही। जैसे-जैसे रुझान बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में बढ़ते गए, कार्यकर्ताओं में उत्साह तेज होता गया।
मिर्चाइबाड़ी आवास पर एकत्र भीड़ में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी संख्या थी। समर्थकों ने फूल-मालाओं से अपने नेता का स्वागत किया और “तारकिशोर प्रसाद ज़िंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।

भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा हुआ जश्न

काफी संख्या में भीड़ इकट्ठा होने के कारण जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी थी। पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही थी ताकि जश्न शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हो सके।

कटिहार सीट पर मुकाबला

कटिहार सदर सीट इस बार भी राजनीतिक रूप से चर्चा में रही। पहले से ही यह सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा की सीट मानी जाती है। तारकिशोर प्रसाद की जीत के बाद एनडीए खेमे में उत्साह और बढ़ गया है।

  • Related Posts