
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से पहले बड़ी भविष्यवाणी की है। मैकग्रा का मानना है कि फाइनल में भारत और साउथ अफ्रीका आमना-सामना कर सकते हैं।
हालांकि उन्होंने आगाह किया कि टूर्नामेंट में इंग्लैंड के उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बावजूद भारत को उनके खिलाफ सतर्क रहना होगा। मैकग्रा ने कहा, “इंग्लैंड एक खतरनाक टीम है। अगर वे अपने दिन अच्छा खेलते हैं, तो कुछ भी कर सकते हैं। नेपाल के खिलाफ उन्हें हारना नहीं चाहिए था और इटली के साथ मैच करीबी था, लेकिन उन्होंने जीतने के तरीके ढूंढ लिए। यह उन्हें सेमीफाइनल के लिए आत्मविश्वास देगा।”
फाइनल की भविष्यवाणी
मैकग्रा ने कहा, “अगर भारत अपने मौजूदा फॉर्म को बनाए रखता है और इंग्लैंड वैसा ही खेलता जैसा उसने अब तक किया है, तो भारत को आगे बढ़ना चाहिए। मैं फाइनल में भारत और साउथ अफ्रीका को देखता हूं।”
प्रोटियाज की तारीफ
उन्होंने साउथ अफ्रीका की टीम के टी20 क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने की रणनीति की तारीफ की और कहा, “उनके पास अच्छे हिटर और मजबूत बॉलिंग अटैक है।” न्यूजीलैंड के साथ सेमीफाइनल मुकाबले पर उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीका आमतौर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ आसानी से जीतता है।
बुमराह पर भरोसा
भारत की बॉलिंग यूनिट की अहमियत पर जोर देते हुए मैकग्रा ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ की। उन्होंने कहा, “अर्शदीप अच्छा कर रहे हैं, लेकिन बुमराह बड़े गेम के खिलाड़ी हैं। ऐसे बड़े मैचों में उनका खेल और बेहतर होता है। मैं हमेशा उनका बड़ा फैन रहा हूं।”
ऑस्ट्रेलिया के जल्दी बाहर होने पर राय
अंत में, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जल्दी बाहर होने को हैरानी की बात नहीं बताया। मैकग्रा ने कहा, “मुझे लगता था कि ऑस्ट्रेलिया सुपर 8 में पहुंच सकता है, लेकिन ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाएंगे। जिम्बाब्वे का आगे बढ़ना उनके लिए नुकसानदेह हो सकता है। निराशाजनक है, लेकिन हैरानी की बात नहीं।”


