
भागलपुर | 26 फरवरी, 2026: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों द्वारा तस्करी के नए-नए और चौंकाने वाले तरीके अपनाए जा रहे हैं। ताजा मामला भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने एक पेट्रोलियम टैंकर के भीतर छिपाई गई विदेशी शराब की एक विशाल खेप बरामद की है। विक्रमशिला सेतु मार्ग पर हुई इस कार्रवाई ने तस्करों के ‘तेल के खेल’ का पर्दाफाश कर दिया है।
पेट्रोलियम टैंकर बना ‘शराब का गोदाम’
बरारी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भागलपुर की ओर से एक सफेद रंग का भारत पेट्रोलियम का टैंकर आ रहा है, जिसमें ईंधन के बजाय भारी मात्रा में अवैध शराब लदी है और वह नवगछिया की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में बरारी थाना की एक विशेष टीम गठित की गई।
चंपारण मीट हाउस के पास घेराबंदी
गठित टीम ने भागलपुर से नवगछिया जाने वाले सभी रास्तों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान विक्रमशिला टी०ओ०पी० के समीप चंपारण मीट हाउस के पास संदिग्ध टैंकर को रुकने का इशारा किया गया। जब टैंकर की सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। टैंकर के भीतर गुप्त तहखाना बनाकर कुल 3773.625 लीटर विदेशी शराब छिपाई गई थी।
मुजफ्फरपुर के दो तस्कर दबोचे गए
पुलिस ने मौके से टैंकर को जब्त कर लिया और इसमें सवार दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इरफान (25 वर्ष) और मो. जावेद (23 वर्ष) के रूप में हुई है। ये दोनों मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से शराब के अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
छापेमारी टीम की सफलता
इस सफल कार्रवाई को बरारी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष पु०अ०नि० बिट्टू कुमार कमल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में पु०अ०नि० पुष्पराज, शुभम तिवारी, विजय पासवान और स०अ०नि० कुंदन पंजीयारा सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
भागलपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे नवगछिया में किसे सप्लाई किया जाना था।
ब्यूरो रिपोर्ट, द वॉयस ऑफ बिहार (VOB)।


