मुजफ्फरपुर। बिहार में शराबबंदी के बीच तस्करी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां शर्ट के नाम पर बुक किए गए पार्सल से विदेशी शराब की खेप बरामद की गई। इस कार्रवाई से उत्पाद विभाग की टीम भी हैरान रह गई।
मामला सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक के समीप का है। जानकारी के अनुसार, एक टेंपो अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से शर्ट का पार्सल लेकर निकला था। कागजों में पार्सल को कपड़ों का बताया गया था और इसे रामदयालू स्थित एक गोदाम तक पहुंचाना था।
इसी दौरान उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली कि शर्ट के पार्सलों में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए। गोबरसही चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध टेंपो को रोका गया और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान जब पार्सल खोला गया तो उसमें शर्ट की आड़ में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई मिलीं। मौके पर ही टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह दादर स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी से पार्सल लेकर रामदयालू के एक गोदाम में डिलीवरी करने जा रहा था।
चालक की निशानदेही पर उत्पाद विभाग की टीम ने बताए गए गोदाम में भी छापेमारी की, लेकिन वहां से कोई बरामदगी नहीं हुई। आशंका जताई जा रही है कि कारोबारी पहले ही फरार हो चुके थे।
फिलहाल उत्पाद विभाग स्थानीय तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटा है। बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। हालांकि, इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस और उत्पाद विभाग सतर्क है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।


