3.70 करोड़ से बनेगी सरकारी लाइब्रेरी, 10 स्कूलों का होगा विकास, शहर में लगेंगे CCTV
भागलपुर। जिले में पहली बार जिला प्रशासन और एनटीपीसी कहलगांव प्रबंधन के बीच कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस समझौते के तहत करीब 3 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से सरकारी लाइब्रेरी का निर्माण, 10 सरकारी विद्यालयों का विकास और शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
MoU कार्यक्रम में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एनटीपीसी कहलगांव के हेड ऑफ प्रोजेक्ट रविंद्र पटेल सहित एनटीपीसी एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम बोले – भविष्य में भी सहयोग की जरूरत
इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने एनटीपीसी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे CSR प्रोजेक्ट्स से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने भविष्य में भी अस्पतालों और स्कूलों के लिए CSR फंड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
किसानों से पराली खरीदेगा एनटीपीसी
एनटीपीसी कहलगांव के हेड ऑफ प्रोजेक्ट रविंद्र पटेल ने बताया कि MoU से जुड़े सभी कार्यों की शुरुआत जल्द की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बिहार सहित 400 किलोमीटर के दायरे में किसानों के खेतों से पराली खरीदी जाएगी। बायोमास फायरिंग के तहत करीब 6 लाख टन पराली खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
यह MoU भागलपुर के विकास, किसानों के हित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


