नीट छात्रा मौत मामले के बाद एक्शन में सरकार – बिहार के सभी गर्ल्स हॉस्टल के लिए सख्त नियम, 24 घंटे महिला वार्डन और सीसीटीवी अनिवार्य

पटना।पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की हत्या के बाद बिहार सरकार एक्शन मोड में आ गई है। राज्य के सभी गर्ल्स हॉस्टल और पीजी के लिए नए और सख्त नियम लागू कर दिए गए हैं। डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर बिहार पुलिस ने हॉस्टल संचालकों के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया है।

गृह मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और कार्यस्थल—हर जगह सुरक्षित माहौल देना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।


क्या-क्या होंगे नए नियम

1. हर हॉस्टल का पंजीकरण अनिवार्य
अब बिना रजिस्ट्रेशन कोई भी गर्ल्स हॉस्टल या पीजी नहीं चल सकेगा।

2. थानों में बनेगा हॉस्टल डाटा बेस
हर थाना क्षेत्र में मौजूद सभी हॉस्टलों की सूची रखी जाएगी। इसकी जिम्मेदारी महिला हेल्प डेस्क को दी गई है।

3. 24 घंटे महिला वार्डन जरूरी
हर हॉस्टल में दिन-रात महिला वार्डन की मौजूदगी अनिवार्य होगी।

4. सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन
वार्डन, गार्ड, रसोइया और सफाईकर्मी—सबका पुलिस सत्यापन होगा।

5. हर कोने पर CCTV कैमरे
मुख्य गेट, गलियारे, खाने की जगह और परिसर में कैमरे लगेंगे।
रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित रखनी होगी।

6. रोशनी, मजबूत दरवाजे और ग्रिल जरूरी
पर्याप्त लाइट, साफ-सफाई, मजबूत ताले और खिड़कियों में लोहे की जाली अनिवार्य।

7. हर आगंतुक का पूरा रिकॉर्ड
नाम, मोबाइल नंबर और आधार के साथ विजिटर रजिस्टर में एंट्री जरूरी।

8. कमरों में पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित
रहने वाले हिस्से में किसी भी पुरुष का प्रवेश पूरी तरह बैन रहेगा।

9. बायोमेट्रिक हाजिरी सिस्टम
रात में छात्राओं और स्टाफ की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम लगाया जाएगा।

10. इमरजेंसी नंबर हर जगह
थाना, महिला हेल्प डेस्क, अभया ब्रिगेड और 112 नंबर के पोस्टर लगेंगे।
छात्राओं को 112 इंडिया ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी जाएगी।


नियमित जांच होगी

सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस, महिला हेल्प डेस्क और अभया ब्रिगेड की टीम मिलकर हॉस्टलों की नियमित जांच करेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी।

उन्होंने साफ कहा—
“बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”


 

  • Related Posts